Chandauli News: बलुआ में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप.
"बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
11:36 PM, Jun 16, 2026
Share:


मृतक ज्योति यादव का फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव निवासी रमाशंकर यादव की पुत्री ज्योति यादव का विवाह 12 मई 2019 को बलुआ थाना क्षेत्र के खोनपुर गांव निवासी रामकृत यादव के पुत्र रंजीत यादव के साथ हुआ था। परिजनों का कहना है कि विवाह के दौरान उनकी सामर्थ्य के अनुसार नकदी, आभूषण और अन्य घरेलू सामान दिया गया था। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त एक लाख रुपये दहेज की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर ज्योति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत भी हुई थी, जिसमें समझौते के प्रयास किए गए थे।
विज्ञापन
मृतका के परिजनों के अनुसार सोमवार को उन्हें ज्योति की मौत की सूचना मिली। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि ससुराल पक्ष बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है। इसके बाद परिजन बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गई है। बड़ी बेटी की उम्र करीब पांच वर्ष, जबकि छोटी बेटी प्रियांशी की उम्र लगभग ढाई वर्ष बताई जा रही है। घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के चाचा उमाशंकर यादव ने पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ना दी जा रही थी, जिसके चलते उनकी भतीजी की जान चली गई।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
