Chandauli News: पिकअप से भैंस चुराकर भाग रहे थे बदमाश, पुलिस टीम पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश, आठ गिरफ्तार.
“चंदौली में भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने चोरी की भैंस पिकअप में लादते समय आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने बचने के लिए पिकअप पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पुल के पिलर से टकरा गया।”
chandauli
9:21 PM, Sep 9, 2026
Share:


पुलिस गिरफ्त में भैंस चोरी गिरोह के आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। गांवों में दिन और रात रेकी करने के बाद गिरोह सुनसान जगहों से भैंस चोरी करता और फिर पिकअप के जरिए उन्हें बिहार ले जाकर कम कीमत में बेच देता था। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम गिरोह तक पहुंचने में जुटी थी।
इसी बीच 8 सितंबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेवसा स्थित रेलवे ब्रिज के नीचे कुछ लोग चोरी की भैंस को पिकअप में लाद रहे हैं। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही भैंस लाद रहे आरोपियों ने चालक से पिकअप पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने को कहा। पुलिस के अनुसार, चालक ने पिकअप तेज रफ्तार में पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ा दी। जवानों ने किसी तरह पीछे हटकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान पिकअप अनियंत्रित होकर रेलवे ब्रिज के पिलर से जा टकराई। पुलिस ने मौके से चालक समेत भैंस लाद रहे सभी आठ आरोपियों को पकड़ लिया।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपियों में वाराणसी के जैतपुरा निवासी मोहम्मद याकूब, चंदौली के सकलडीहा निवासी विजय चौहान उर्फ रिंकू, सारनाथ निवासी आनंद मौर्य, बिहार के कैमूर निवासी ओम प्रकाश नट, चंदौली के सटरु हुसैन तथा बिहार निवासी नितेश कुमार, अखिलेश नट और विनोद नट शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने आधा दर्जन से अधिक भैंस चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। इनमें चकिया क्षेत्र से दो भैंस, दो भैंस व एक पड़िया तथा इलिया क्षेत्र से भी भैंस चोरी करने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की भैंस, पिकअप वाहन संख्या यूपी61टी3510, 23,700 रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, नकदी पशुओं को बेचने से प्राप्त रकम है। मामले में अलीनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1)/317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य समय और स्थान बदलकर वारदात करते थे, जिससे उनकी पहचान न हो सके। कार्रवाई में अलीनगर पुलिस के साथ सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी किए गए मवेशियों की बरामदगी को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।



