Chandauli News: यातायात जागरूकता माह शुरू, एसपी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी.
“सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चंदौली में नवंबर माह के दौरान विशेष अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को पुलिस लाइन से इसकी शुरुआत हुई।”
chandauli
9:03 PM, Nov 2, 2026
Share:


जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाते पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सोमवार को पुलिस लाइन में यातायात जागरूकता माह-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन किसी चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला ने स्कूली बच्चों से अपील की कि वे अपने परिवार के सदस्यों को बिना हेलमेट दोपहिया और बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन न चलाने दें। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी है। क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल और डीपीएस स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार रखे।
विज्ञापन
यातायात जागरूकता माह के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। वहीं, प्रमुख चौराहों और बाजारों में वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा के पालन की जानकारी दी जाएगी। दुर्घटना संभावित स्थलों पर निगरानी के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान भी चलाया जाएगा। पुलिस ने नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी की जिंदगी बचा सकती है। इस दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी समेत यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



