Sonbhadra News: जनगणना-2027 को लेकर निकली जागरूकता रैली, डीएम और सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी.
जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता के लिए कलेक्ट्रेट से रैली निकाली गई। डीएम चर्चित गौड़ और सीडीओ जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना और 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक जनसंख्या गणना की प्रक्रिया प्रस्तावित है।
sonbhadra
5:15 PM, Oct 27, 2026
Share:


सोनभद्र में जनगणना-2027 जागरूकता रैली को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, सीडीओ जागृति अवस्थी रहीं मौजूद।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
जनगणना-2027 के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार, 27 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर बरौली चौराहे तक पहुंची। इस दौरान लोगों को जनगणना के महत्व, इसकी प्रक्रिया और इसमें सक्रिय सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।
विकास योजनाओं के निर्माण में अहम हैं जनगणना के आंकड़े-:
विज्ञापन
इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि जनगणना किसी भी राष्ट्र की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय स्थिति का आकलन करने का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त विश्वसनीय आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्धारण, विकास योजनाओं के निर्माण और संसाधनों के बेहतर नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया में शुद्धता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करना सभी का सामूहिक दायित्व है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए जनगणना के सफल संचालन में सहयोग करने का आह्वान किया।
16 नवंबर से मिलेगी स्व-गणना की सुविधा-:
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जारी कार्यक्रम के अनुसार, उत्तर प्रदेश में जनसंख्या गणना की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से लोग निर्धारित पोर्टल पर स्वयं से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर भरकर अपनी गणना स्वयं कर सकेंगे।इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण की प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। प्रशासन ने जनपदवासियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सही जानकारी उपलब्ध कराने और जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है। इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण सहित जनगणना कार्य से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



