Sonbhadra News: बचपन की फोटो बनी सुराग, एआई ने मिलाया गुमशुदा महिला का पता.
बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पांडेय ने ChatGPT और Gemini की मदद से करीब 23 साल पुरानी बचपन की तस्वीर से गुमशुदा महिला का संभावित मौजूदा चेहरा तैयार किया। परिजनों की पहचान के बाद पुलिस ने महिला को राजस्थान के चूरू जिले से सकुशल बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी अभिषेक वर्मा ने आरक्षी को प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये देकर सम्मानित किया।
sonbhadra
5:41 PM, Nov 20, 2026
Share:


एआई तकनीक की मदद से गुमशुदा महिला की पहचान करने वाले आरक्षी विजय पांडेय को सम्मानित करते एसपी अभिषेक वर्मा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल पुलिस के लिए कितना कारगर साबित हो सकता है, इसकी मिसाल सोनभद्र के बभनी थाने में देखने को मिली। यहां तैनात एक आरक्षी ने ChatGPT और Google Gemini की मदद से करीब 23 साल पुरानी बचपन की तस्वीर के आधार पर गुमशुदा महिला का संभावित मौजूदा चेहरा तैयार किया। इस तस्वीर की मदद से महिला की पहचान हुई और पुलिस ने उसे राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को आरक्षी विजय पांडेय को प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार, बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव निवासी किस्मत देवी ने 14 जुलाई 2026 को अपनी करीब 30 वर्षीय पुत्री मंजू देवी खरवार के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 150/2026 के तहत बीएनएस की धारा 87 और 137(2) में मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शादी कराने का झांसा देकर मंजू को वाराणसी ले जाया गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम महिला की तलाश में जुटी थी। इस दौरान परिजनों और ससुराल पक्ष से महिला की तस्वीर मांगी गई, लेकिन कोई मौजूदा फोटो नहीं मिल सकी। जांच के दौरान पुलिस को विद्यालय के छात्रवृत्ति फार्म से वर्ष 2007 में कक्षा चार में पढ़ाई के समय की महिला की बचपन की तस्वीर मिली। करीब 23 साल पुरानी इस तस्वीर के आधार पर वर्तमान चेहरे की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। ऐसे में बभनी थाने में तैनात आरक्षी विजय पांडेय ने तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने ChatGPT और Google Gemini की मदद से बचपन की तस्वीर के साथ महिला के माता-पिता और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसका संभावित मौजूदा चेहरा तैयार किया। इसके बाद परिजनों को तस्वीर दिखाई गई, जिन्होंने महिला की पहचान मंजू देवी के रूप में की। पहचान होने के बाद पुलिस टीम तस्वीर और अन्य जानकारियों के आधार पर राजस्थान के चूरू जिले के हमीरवास थाना क्षेत्र स्थित गोविंद सिंह का बास गांव पहुंची। वहां से मंजू देवी को सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच में पता चला कि वह अपने पति उमेंद्र के साथ रह रही थी और उसके दो बच्चे भी हैं। एआई तकनीक के इस अभिनव इस्तेमाल से पुलिस को गुमशुदा महिला की तलाश में महत्वपूर्ण सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आरक्षी विजय पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और 2100 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।


