Sonbhadra News: महुआ बीनने निकली युवती का शव पेड़ से लटका मिला, सुसाइड नोट और युवक की तस्वीर बरामद.
बभनी के बरवाटोला ग्राम पंचायत के सेवड़ी टोला में 19 वर्षीय फूलमती का शव महुआ के पेड़ से लटका मिला। युवती शुक्रवार भोर में महुआ बीनने निकली थी। मौके से मोबाइल फोन, टूटी सिम, चप्पल, सुसाइड नोट और एक युवक की तस्वीर बरामद हुई है। पुलिस प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
sonbhadra
3:07 PM, Jun 12, 2026
Share:


महुआ के पेड़ से युवती का शव मिलने के बाद मौके पर जुटे ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
बभनी थाना क्षेत्र के बरवाटोला ग्राम पंचायत अंतर्गत सेवड़ी टोला में शुक्रवार सुबह एक 19 वर्षीय युवती का शव महुआ के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सेवड़ी टोला निवासी फूलमती पुत्री सोनशाय शुक्रवार भोर में महुआ के फल (डोरी) बीनने के लिए घर से निकली थी। सुबह करीब छह बजे महुआ बीनने पहुंचे कुछ बच्चों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर एक महुआ के पेड़ पर युवती का शव लटकता देखा। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक मक्खन लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
विज्ञापन
घटनास्थल पर पेड़ के नीचे युवती का मोबाइल फोन मिला, जिसकी बैटरी निकली हुई थी और सिम कार्ड टूटा हुआ था। इसके अलावा चप्पल और गुल की एक डिब्बी भी बरामद हुई। पुलिस को पेड़ की डाल में बंधे दुपट्टे में एक सुसाइड नोट और एक युवक की तस्वीर भी मिली है। पुलिस ने सभी सामान को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक दीन्नू प्रसाद यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



