Sonbhadra News: खाड़पाथर के जंगल में पलटा डीजल टैंकर, हजारों लीटर डीजल बहा, डीजल लेने उमड़ी भीड़.
पिपरी क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे डीजल लेकर मध्य प्रदेश जा रहा एक टैंकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से हजारों लीटर डीजल रिसकर बाहर बहने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी और डिब्बे लेकर मौके पर पहुंच गए और बह रहे डीजल को भरने लगे। प्रत्यक्षदर्शी अरुण यादव के अनुसार चालक वाहन को सड़क किनारे लगाने के दौरान नियंत्रण खो बैठा।
sonbhadra
8:04 PM, Jun 13, 2026
Share:


खाड़पाथर जंगल में पलटे डीजल टैंकर से रिसता ईंधन, डीजल भरने के लिए जुटी भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर जंगल में शनिवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब डीजल लेकर मध्य प्रदेश जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में भरा हजारों लीटर डीजल तेजी से रिसने लगा और जंगल क्षेत्र में फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए तथा बह रहे डीजल को एकत्र करने लगे। जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के मुगलसराय स्थित डिपो से डीजल लेकर एक टैंकर मध्य प्रदेश की ओर जा रहा था। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे खाड़पाथर जंगल के पास पहुंचते ही टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया और गड्ढे में पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा डीजल बाहर निकलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद वाराणसी निवासी अरुण यादव ने बताया कि टैंकर चालक संतु निवासी अलीपुर वाहन को सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर आराम कर रहा था। उन्होंने चालक से वाहन को सड़क किनारे लगाने के लिए कहा। इसके बाद चालक टैंकर को किनारे करने लगा, लेकिन अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर गड्ढे में पलट गया। बताया गया कि सड़क के बीच टैंकर खड़ा होने के कारण अरुण यादव की कार भी सामने से आ रही एक ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार वाराणसी निवासी सौरभ घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए हिंडाल्को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
टैंकर से डीजल रिसने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कई लोग बाल्टी, डिब्बा और अन्य बर्तनों में डीजल भरते नजर आए। इस दौरान किसी भी समय अप्रिय घटना होने की आशंका बनी रही, क्योंकि डीजल के बड़े पैमाने पर रिसाव से आग लगने का खतरा बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चोपन स्थित अग्निशमन केंद्र को भी सूचना दी गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम शुरू किए। अग्निशमन कर्मियों ने क्षेत्र की निगरानी करते हुए आगजनी जैसी किसी भी संभावित घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए। हादसे के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग की सतर्कता से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
