Sonbhadra News: बीजपुर थाने में मिशन शक्ति केंद्र भवन का शिलान्यास, महिलाओं को मिलेगी त्वरित सहायता.
बीजपुर थाना परिसर में बुधवार को मिशन शक्ति केंद्र भवन का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू किया गया। थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि यह केंद्र महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण में अपनी समस्याएं रखने तथा त्वरित सहायता प्राप्त करने का अवसर देगा। कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के अधिकारियों सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
sonbhadra
4:47 PM, Jun 17, 2026
Share:


बीजपुर थाना परिसर में मिशन शक्ति केंद्र भवन के निर्माण कार्य का भूमि पूजन करते थानाध्यक्ष राजेश सिंह एवं उपस्थित अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: नीरज गुप्ता, बीजपुर।
सोनभद्र।
उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'मिशन शक्ति' के तहत सोनभद्र के बीजपुर थाना परिसर में बुधवार को 'मिशन शक्ति केंद्र' भवन का शिलान्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि थाना परिसर में स्थापित यह केंद्र महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। इसके माध्यम से उन्हें त्वरित सहायता, कानूनी परामर्श, सुरक्षा संबंधी सहयोग और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सुरक्षित व सहज वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकेंगी और उन्हें समयबद्ध तरीके से आवश्यक सहायता प्राप्त होगी। यह केंद्र महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रभावी कदम है, जो महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विज्ञापन
कार्यक्रम में एनटीपीसी रिहंद के लॉ ऑफिसर प्रदीप कुमार, प्रबंधक पवन कुमार मिश्रा, राजेंद्र शाह, मुकेश कुमार, पवन दुबे, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे, महिला आरक्षी प्रियंका एवं निहारिका पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए एक सराहनीय पहल बताया।
