Sonbhadra News: राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में पटाखा भंडारण स्थलों का निरीक्षण, एएसपी मुख्यालय मेविस टॉक का शख्त निर्देश.
राबर्ट्सगंज में पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने पटाखा भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अधिकारियों ने निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैध अनुमति के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
sonbhadra
7:03 PM, Oct 27, 2026
Share:


राबर्ट्सगंज में पटाखा भंडारण स्थलों का निरीक्षण करते पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
दीपावली के मद्देनजर पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोनभद्र पुलिस एवं अग्निशमन विभाग सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को राबर्ट्सगंज में संचालित पटाखा भंडारण स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्रीराम साहनी ने विभिन्न पटाखा भंडारण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित लोगों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
बिना अनुमति पटाखों का भंडारण और बिक्री करने पर होगी कार्रवाई-:
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुमति पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री करना कानूनन दंडनीय है। विस्फोटक अधिनियम, 1884 तथा संबंधित नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने और नियमों के अनुरूप ही कारोबार करने की हिदायत दी।
विज्ञापन
आगजनी और विस्फोट की घटनाओं की रोकथाम पर जोर-:
पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पटाखों का अवैध निर्माण एवं असुरक्षित भंडारण जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। ऐसी लापरवाही से आगजनी और विस्फोट जैसी दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है, जिनसे जान-माल का नुकसान हो सकता है। इसलिए त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है। अधिकारियों ने बताया कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस एवं अग्निशमन विभाग द्वारा निगरानी रखी जा रही है। पटाखों के कारोबार से जुड़े लोगों को निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील-:
सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पटाखों का क्रय-विक्रय और भंडारण निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें। यदि कहीं अवैध रूप से पटाखों का निर्माण, भंडारण या बिक्री किए जाने की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित प्रशासन को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



