Sonbhadra News: अनपरा के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग, पुलिस और दमकल टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू.
अनपरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-20 स्थित डीह बाबा रोड पर शनिवार को जय मां शारदा ट्रेडर्स के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस, रेणुसागर चौकी और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया, फिलहाल आग लगने के कारण और नुकसान का आकलन सामने नहीं आया है।
sonbhadra
10:52 PM, Nov 14, 2026
Share:


अनपरा के स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लगने के बाद पुलिस और दमकल टीमों ने संयुक्त प्रयास से आग बुझाई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर-20 स्थित डीह बाबा रोड पर शनिवार को जय मां शारदा ट्रेडर्स के स्क्रैप यार्ड में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। अनपरा थाना प्रभारी राजेश चौबे, हेड कांस्टेबल शशि भूषण तथा रेणुसागर चौकी प्रभारी योगेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान चौकी के कांस्टेबल सौरभ वर्मा, विजय प्रकाश यादव, संजय पाल, मोहम्मद नोमान अली सिद्दीकी और मोहम्मद खलील ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग की भयावहता को देखते हुए रेणुसागर हिंडाल्को और अनपरा तापीय परियोजना की सीआईएसएफ फायर ब्रिगेड टीमों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किया। इस दौरान हिंडाल्को फायर ब्रिगेड टीम के अखिलेश्वर सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ सक्रिय भूमिका निभाते हुए अग्निशमन अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पुलिस और दमकल कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त प्रयास जारी रहे। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता मिली। इस दौरान पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों की तत्परता तथा टीमवर्क की सराहना की जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्क्रैप यार्ड में आग से कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसका आकलन भी सामने नहीं आया है। वहीं, घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है। आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


