Sonbhadra News: आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन एएसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा.
सोनभद्र में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा के अंतिम दिन अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का अवलोकन किया।
sonbhadra
8:09 PM, Jun 10, 2026
Share:


आरक्षी भर्ती परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व की जा रही चेकिंग एवं फ्रिस्किंग प्रक्रिया का अवलोकन किया। साथ ही केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपर पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुचारु आवागमन बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नकलविहीन वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। पुलिस प्रशासन की निगरानी में आयोजित परीक्षा के अंतिम दिन सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रही और परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग करने वाले सभी कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों की सराहना की।
