Sonbhadra News: ऑपरेशन शुद्धि: 5.10 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार, दो मोबाइल और बाइक बरामद.
ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मानपुर तियरा नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान प्रियांशू बियार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5.10 ग्राम हेरोइन, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति से हेरोइन लेकर क्षेत्र में बेचने की बात बताई, पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी है।
sonbhadra
2:34 PM, Nov 25, 2026
Share:


रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में हेरोइन तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम के साथ मौजूद अभियुक्त।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने 5.10 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मेविश टाक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज पुलिस टीम ने 24 नवंबर 2026 की रात मानपुर तियरा नहर पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की टीवीएस मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर रात करीब 9:13 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान प्रियांशू बियार (26 वर्ष) पुत्र रामसागर बियार, निवासी बुड़हर खुर्द, थाना रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.10 ग्राम अवैध हेरोइन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा अपराध संख्या 948/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/27-ए में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह एक व्यक्ति से हेरोइन प्राप्त कर अपने क्षेत्र में बेचता था और बिक्री से मिलने वाली धनराशि संबंधित व्यक्ति तक पहुंचाता था। पुलिस के मुताबिक, उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर हेरोइन उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है और अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2026 में थाना रॉबर्ट्सगंज में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनय कुमार सिंह, चौकी प्रभारी हिन्दुआरी, उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, चौकी प्रभारी लोढ़ी, हेड कांस्टेबल भगवान यादव, कांस्टेबल अम्बुज सिंह एवं कांस्टेबल अमित शुक्ला शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


