Sonbhadra News: मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला: बेटी को ₹2.50 लाख में बेचने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ केस दर्ज.
बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव में बेटी को ढाई लाख रुपये में बेचने के आरोप में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की मां का आरोप है कि मजदूरी दिलाने के बहाने बेटी को बनारस ले जाकर राजस्थान के एक युवक को बेच दिया गया। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दर्ज मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है।
sonbhadra
4:31 PM, Oct 10, 2026
Share:


बभनी के जौराही गांव में बेटी को बेचने के आरोप के मामले में पीड़ित परिवार की तस्वीरें, न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव में एक महिला ने चार लोगों पर अपनी बेटी को बेचने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि मजदूरी के बहाने बेटी को बनारस ले जाकर राजस्थान के एक युवक को ढाई लाख रुपये में बेच दिया गया। पीड़िता हीरकुंवर पत्नी लक्ष्मन के मुताबिक, छह महीने पहले अमरनाथ पुत्र सोहन सिंह, मंजू देवी पत्नी राजेंद्र, श्रीदेवी पुत्री रामऔतार और राम-लखन पुत्र देवनाथ उसकी बेटी को बनारस ले गए थे। वहां उसे कपिल पुत्र अशोक सिंह निवासी राजस्थान के हाथों ढाई लाख रुपये में बेचा गया। जब महिला ने आरोपियों से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। कई महीने थाने के चक्कर लगाने के बाद भी केस दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद पीड़िता ने कोर्ट की मदद ली। कोर्ट के दखल पर बभनी पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 143, 352 और 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


