Sonbhadra News: सड़क किनारे मौत का ट्रेलर! खराब वाहन में पीछे से घुसी बाइक, 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत.
म्योरपुर के किरबिल गांव में बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर खराब खड़े ट्रेलर में पीछे से बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। हादसे में काचन गांव निवासी 30 वर्षीय राम सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ, सीएचसी म्योरपुर में डॉक्टर ने मृत घोषित किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया, वहीं ग्रामीणों ने सड़क किनारे खड़े खराब वाहनों पर संकेतक लगाने की मांग की।
sonbhadra
9:53 PM, Oct 2, 2026
Share:


हादसे के बाद म्योरपुर सीएचसी में जुटी भीड़, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी जुटाई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
म्योरपुर थाना क्षेत्र के किरबिल गांव में शुक्रवार देर शाम बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर में पीछे से बाइक टकराने से युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान काचन गांव निवासी राम सिंह (30) पुत्र रामबरन के रूप में हुई है। बताया गया कि राम सिंह शुक्रवार को अपनी बहन के घर खजूरी गांव गया था। देर शाम वह बाइक से अपने घर काचन लौट रहा था। इसी दौरान किरबिल गांव में प्रधान के घर के सामने सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रेलर से उसकी बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि राम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. पल्लवी सिन्हा ने जांच के बाद राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एसआई बलजीत भारद्वाज भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। राम सिंह राजमिस्त्री का काम करता था। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर कई स्थानों पर ट्रेलर, ट्रक और अन्य बड़े वाहन खराब होने के बाद सड़क किनारे खड़े रहते हैं। कई बार इन वाहनों पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाए जाते। रात के समय कम रोशनी में सड़क किनारे खड़े ऐसे वाहन दूर से दिखाई नहीं देने के कारण पीछे से आने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क किनारे खराब वाहनों को जल्द हटाने तथा जब तक वाहन नहीं हटाए जाते, तब तक उन पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


