Sonbhadra News: जनपद से जुड़े खातों में 37 करोड़ का लेनदेन, अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा, एक गिरफ्तार.
पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का खुलासा करते हुए प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सोनभद्र से जुड़े बैंक खातों में 37 करोड़ और पूरे नेटवर्क में 100 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 30 क्रेडिट-डेबिट कार्ड, चेकबुक, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी अनुपम सिंह की तलाश जारी है।
sonbhadra
4:29 PM, Nov 18, 2026
Share:


साइबर अपराध मामले में पुलिस कार्रवाई, आरोपी और बरामद बैंक कार्ड व नकदी की तस्वीर आई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध नेटवर्क का खुलासा करते हुए प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल साइबर अपराध से अर्जित धनराशि के लेनदेन में किया जा रहा था। वर्ष 2024 के दौरान सोनभद्र से जुड़े इन बैंक खातों में करीब 37 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन सामने आए हैं, जबकि पूरे नेटवर्क से जुड़े लेनदेन का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में सोनभद्र में एक एफआईआर दर्ज हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसे झांसे में लेकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खाता खुलवाया गया था। बाद में संदिग्ध लेनदेन के चलते बैंक ने उसका खाता सीज कर दिया। इसके बाद उसे अलग-अलग थानों से नोटिस मिलने लगे। पुलिस ने जब मामले की गहनता से जांच शुरू की तो इसी तरह के तीन अन्य मामले भी सामने आए। जांच में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इन खातों से संबंधित 200 से अधिक शिकायतें दर्ज मिलीं। विवेचना के दौरान प्रयागराज निवासी सौरभ सिंह का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र निवासी अनुपम सिंह का नाम भी प्रकाश में आया है, जो वर्तमान में वांछित है। पुलिस के मुताबिक, उसके माध्यम से भी कई बैंक खाते विदेश भेजे जाने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से करीब 30 क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, चेकबुक, लैपटॉप, मोबाइल फोन तथा विभिन्न देशों के वीजा और पासपोर्ट से संबंधित डिजिटल दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर विदेश में नौकरी दिलाने और फर्जी वीजा तैयार करने से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। गिरफ्तार आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संदिग्ध लेनदेन की जानकारी जुटाई जा सके। फिलहाल वांछित अनुपम सिंह सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध नेटवर्क में संलिप्त पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


