Sonbhadra News: नाग पंचमी पर चोपन में सजा कुश्ती का अखाड़ा, बच्चा यादव ने जीता सात हजार का इनाम.
नाग पंचमी पर चोपन के वार्ड नंबर दो में रेलवे फाटक के समीप विराट दंगल का आयोजन किया गया, जिसमें सोनभद्र समेत कई जिलों के पहलवानों ने दमखम दिखाया। सलखन के पहलवान बच्चा यादव ने मऊ के सतेंद्र यादव को हराकर सात हजार रुपये का पुरस्कार जीता, जबकि महिला कुश्ती में वंदना मौर्य ने सुमन को हराकर तीन हजार रुपये जीते।
sonbhadra
9:03 PM, Aug 17, 2026
Share:


नाग पंचमी पर चोपन के विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, विजेता पहलवानों का अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
नाग पंचमी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी सोनभद्र के चोपन में पारंपरिक विराट दंगल का भव्य आयोजन किया गया। चोपन गांव विस्तारित क्षेत्र के वार्ड नंबर दो में रेलवे फाटक के समीप आयोजित दंगल में सोनभद्र के साथ-साथ आसपास के कई जिलों से पहुंचे नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए करीब पांच से छह हजार दर्शकों की भीड़ उमड़ी।
विराट दंगल के साथ दो किलोमीटर लंबी दौड़ और लंबी कूद प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इसके अलावा गद्दा भाजने की प्रतियोगिता ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। 15 किलो से लेकर 40 किलो तक के गद्दा भाजने में प्रतिभागियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान पहलवानों के प्रदर्शन और वजन के अनुसार पुरस्कार राशि घोषित की जाती रही, जिससे अखाड़े का रोमांच लगातार बढ़ता रहा।
दंगल का सबसे खास आकर्षण महिला पहलवानों की कुश्ती रही। चोपन, ओबरा और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची महिला पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर शानदार प्रदर्शन किया। महिला पहलवानों के मुकाबलों को दर्शकों ने तालियों के साथ खूब सराहा। कुश्ती के रोमांचक मुकाबले में सलखन के पहलवान बच्चा यादव ने मऊ के पहलवान सतेंद्र यादव को हराकर सात हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया। वहीं महिला कुश्ती में वंदना मौर्य ने सुमन को हराकर तीन हजार रुपये का नकद पुरस्कार जीता।
विज्ञापन
दौड़ प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मुकेश यादव प्रथम, रामप्रवेश विश्वकर्मा द्वितीय और आकाश तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की लंबी दौड़ में खुशबू पाल प्रथम, वंदना द्वितीय और सुमन तृतीय रहीं। लंबी कूद प्रतियोगिता में नैतिक पांडेय प्रथम, कृष्णा द्वितीय और आदित्य तृतीय स्थान पर रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ चोपन नगर अध्यक्ष उस्मान अली, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव और जिला पंचायत सदस्य सुनील गौड़ समेत अन्य अतिथियों ने फीता काटकर किया।
मुख्य आयोजनकर्ता पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश यादव और पत्रकार संघ अध्यक्ष एवं पत्रकार मनोज चौबे रहे। कार्यक्रम का संचालन भी दोनों ने किया। वही स्कोरर की महत्वपूर्ण भूमिका रोशन राउत ने निभाई। दंगल में हरिकेश यादव और गणेश यादव ने रेफरी की भूमिका निभाते हुए मुकाबलों को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया। रुक-रुककर हुई बारिश भी पहलवानों और दर्शकों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। बारिश के बीच पहलवान अखाड़े में डटे रहे और अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का मनोरंजन करते रहे।
आयोजन में ट्रक एसोसिएशन के मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र जायसवाल, दीपू सिंह, कस्बा इंचार्ज मनोज सिंह, क्षेत्र के पत्रकार, सपा और भाजपा नेताओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। नाग पंचमी पर आयोजित इस विराट दंगल ने चोपन की पारंपरिक कुश्ती संस्कृति को जीवंत करते हुए युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया और दर्शकों को रोमांच से भर दिया। बता दे कि आयोजन समिति की तरफ से आये गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
