Sonbhadra News: तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, थाने पहुंचे ग्रामीण.
पन्नूगंज थाना क्षेत्र के तेलाड़ी निवासी सत्यम सोनी (27) की रविवार को राबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पन्नूगंज थाने का घेराव कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
sonbhadra
5:58 PM, Jun 7, 2026
Share:


हादसे के बाद सड़क पर गिरी बाइक के नीचे दबा युवक, दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, पन्नूगंज।
सोनभद्र।
विज्ञापन
पन्नूगंज थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। राबर्ट्सगंज-खलियारी स्टेट हाईवे पर पन्नूगंज थाना परिसर से करीब 100 मीटर दूर अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से युवक का सिर धड़ से अलग हो गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान सत्यम सोनी (27) पुत्र नंदलाल सोनी निवासी तेलाड़ी, पन्नूगंज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसा उसके घर से कुछ ही दूरी पर हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली से नाराज ग्रामीणों ने पन्नूगंज थाने का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर एकत्र होकर आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस मामले में अपेक्षित तेजी नहीं दिखा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और फरार वाहन व चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
