Chandauli News: सास के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई बहु पर भालू ने किया हमला, सास ने मचाया शोर तो जंगल में भाग गया भालू.

Story By: मदन मोहन, नौगढ़ तहसील।
चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के नरकटी गांव निवासी महिला पर जंगल में भालू ने हमला कर दिया। महिला सुखी लकड़ी लेने के लिए जंगल में गई थी। महिला की शोर सुनकर मौके पर लोग पहुंचे और भालू को भगाया। गंभीर हालत में महिला को नौगढ़ सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के दौरान गंभीर हालत देख महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार नरकटी गांव निवासी 40 वर्षीय अनीता पत्नी चंद्रभान चचिया सास लीलावती देवी के साथ रविवार को घर के लिए सुखी जलौनी लकड़ी लेने जंगल गई थी। इस बीच जंगल में अचानक भालू ने हमला कर दिया, जिससे अनीता गंभीर रूप से घायल हो गई। सास के शोर मचाने पर भालू जंगल की तरफ भाग गया। घायल अनीता की सास का शोर सुनकर आसपास मौजूद चरवाहे मौके पर पहुंचे और घायल को गांव में ले गए।

अनीता के बेटे ने एंबुलेंस के जरिए अनीता को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां मौजूद डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन अनीता के बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने अनीता को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।