उत्तर प्रदेशचंदौलीजिलेपूर्वांचल न्यूज़राज्यवाराणसीवाराणसीशिक्षा

Chandauli News: यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित, किसान के बेटे अमन ने हाईस्कूल परीक्षा में जिले में पहला स्थान लाकर बढ़ाया सम्मान.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।

चंदौली। सकलडीहा तहसील के पौनी गांव के किसान का बेटा अमन ने हाईस्कूल की परीक्षा में कड़ी मेहनत से जिले के टॉप टेन की सूची में पहला स्थान हासिल करके पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उसकी सफलता पर पूरे क्षेत्र और जिले में खुशी की लहर है। शिक्षक सहित परिजनों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी है। वहीं अमन ने सिविल सर्विस के माध्यम से देश सेवा करने का संकल्प दोहराया है। पौनी गांव के किसान रामाश्रय सिंह कुशवाहा के तीन पुत्र अभिषेक, आलोक और अमन कुशवाहा हैं। बड़ा पुत्र पॉलिटेक्निक की परीक्षा पास कर तैयारी में जुटा हुआ है।

वहीं दूसरा बेटा आलोक इंटर में 83 प्रतिशत अंक हासिल किया है। वहीं सबसे छोटा बेटा अमन नोनार तुलसी आश्रम स्थित तुलसी स्मारक सेवा इंटर कॉलेज नोनार में कक्षा दस का छात्र है। स्कूल से आने के बाद चार से पांच घंटे घर पर पढ़ता था। दो घंटे नईबाजार कोचिंग सेंटर में पढ़ता था। पिता के मोबाइल से कभी-कभी पढ़ाई भी कर लेता था। हाईस्कूल के रिजल्ट आने पर 600 में 579 अंक (96.50 प्रतिशत) हासिल कर जिले का टॉपर स्थान प्राप्त किया। माता विन्ध्यवासिनी देवी और पिता रामाश्रय सिंह कुशवाहा को यह विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मेरा बेटा इतना अच्छा अंक पाकर परिवार का नाम रोशन करेगा। उसका पसंदीदा विषय सामाजिक विज्ञान है। उसने कहा कि आगे अगर सामाजिक विज्ञान में रुचि बनी रही तो सिविल सर्विसेज में जाकर समाज की सेवा करना चाहूंगा। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता की मेहनत और गुरुजनों को दिया।

अमन के पिता रामाश्रय किसान हैं। थोड़ी-बहुत खेती के जरिए परिवार का पालन करते हैं। माता गृहिणी हैं। अमन के दो बड़े भाई भी अभी पढ़ाई कर रहे हैं। पिता ने बताया कि मेहनत करके एक बच्चे को पॉलिटेक्निक और दूसरे को इंटरमीडिएट कराया है। अमन का प्रवेश किसी अच्छे स्कूल में कराने की इच्छा है। उन्होंने कहा कि हर पिता की तरह मैं भी अमन को सफल इंसान के रूप में देखना चाहता हूँ। सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह, समाजसेवी अंबर सिंह कुशवाहा और प्रबंधक मन्नू यादव ने अमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे और उसके स्वजनों को बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!