Chandauli News: फिर चर्चा में आया डीडीयू रेल मंडल, सीनियर डी पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर के साथ अभद्रता का आरोप.

Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल इन दिनों लगातार चर्चा में बना हुआ है। सीबीआई की छापेमारी से महकमे की काफी बदनामी हुई है। तभी वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) की करतूत सुर्खियां बटोर रही है। आरोप है कि सीनियर डी ने सीनियर सेक्शन इंजीनियर को कार्यालय में बुलाकर न सिर्फ अभद्रता की, बल्कि कारण बताओ नोटिस पकड़ाते हुए उसे धक्का दे दिया। कर्मचारी अचेत होकर गिर पड़ा, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर की पत्नी ने अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि पति को कुछ हुआ, तब इसके जिम्मेदार वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) होंगे। आरोप है कि सुनील सिंह यादव, वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सीनियर डी) ने शनिवार को सीनियर सेक्शन इंजीनियर का ट्रांसफर किया था। ट्रांसफर के बाद रविवार को छुट्टी का दिन रहने से कर्मचारियों ने जॉइनिंग नहीं की। सोमवार को जॉइन करने का निर्णय लिया था। रविवार की दोपहर को सीनियर सेक्शन इंजीनियर शिव कुमार को सुनील यादव ने अपने ऑफिस बुलाया और जॉइनिंग न करने पर सवाल पूछा। शिव कुमार ने जवाब दिया कि वह सोमवार को तैनाती स्थल पर जाकर जॉइन कर लेंगे। इस पर सुनील यादव गुस्से में तमतमा गए। उन्होंने शिव कुमार से अभद्रता की।

आरोप है कि जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। साथ ही कारण बताओ नोटिस पकड़ दिया। लेटर पढ़ते ही कर्मचारी अचेत होकर गिर पड़ा। तुरंत उसे लोको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पत्नी और बच्चा अस्पताल में चिंतित हैं। शिव कुमार की पत्नी ने कहा कि अगर पति को कुछ हुआ, तब सुनील कुमार यादव ही इसके दोषी होंगे। रेल अधिकारी की यह करतूत चर्चा का विषय बना हुआ है।