Sonbhadra News: छठ पूजा पर घाटों पर उमड़ी भीड़, विधिवत पूजा कर डूबते सूर्य को दिया गया अर्घ्य।

Story By: अनुज जायसवाल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
रॉबर्ट्सगंज, चोपन और ओबरा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा मनाई जा रही है। 3 बजे दोपहर से ही घाटों पर भीड़ लगनी शुरू हो गई। नहाए-खाए और खरना के बाद गुरुवार की शाम भगवान सूर्य और छठी मैय्या की विधिवत पूजा कर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया।

इस दौरान जगह-जगह सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर पंचायत की तरफ से छठ घाटों पर सजावट की गई है। जो आये हुए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर कोई साफ-सफाई और सजावट की तारीफ करता नहीं थका।

श्रद्धालु मीना देवी ने बताया कि घाट पर आकर बहुत अच्छा लग रहा है, बहुत ही खुशी की बात है। साफ-सफाई से लेकर सजावट बहुत ही अच्छे तरीके से किया गया है। व्यवस्था में कोई कमी नहीं है।

लोकआस्था का महापर्व है, हम लोग सदियों से छठ मनाते आ रहे हैं और आज भी मना रहे हैं और आने वाले समय में भी मानते रहेंगे। साल दर साल छठ मैया की पूजा करने वाले व्रतियों की संख्या बढ़ती जा रही हैं।

विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार काशी प्रान्त प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी ने छठ पर्व के मौके पर कहां कि विगत कई वर्षों से विश्व हिंदू परिषद चोपन के कार्यकर्ताओं द्वारा यहां पर सेवा का कार्य होता है। जिसमें 10 हज़ार लोगों के लिए चाय की व्यवस्था रहती है। साथ ही पानी से प्रसाद की व्यवस्था की जाती है।

पूरी रात विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता छठ घाट पर बने शिविर में रहते हैं। अगर किसी भी प्रकार की किसी को कोई कठिनाई होती है तो विश्व हिंदू परिषद के छोटे से लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ता सभी लोगों की सहायता करते हैं। कार्यकर्ता छठ के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं का हृदय से स्वागत करते हुए सेवा करते हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि छठ पूजा को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त पुलिस फोर्स छठ घाट और छठ घाट के चारों तरफ लगाई गई है। महिला पुलिस के साथ-साथ सादे ड्रेस में भी पुलिस बल तैनात की गई है। पीएससी के जवान भी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद है।

समय-समय पर उच्च अधिकारियों द्वारा सुरक्षा को लेकर निरीक्षण किया जा रहा है। जिससे किसी प्रकार की कोई अव्यवस्था ना हो। सड़क सुरक्षा को लेकर भारी वाहनों का रूट पहले से ही डायवर्ट कर दिया गया है। कल सुबह तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

इस दौरान छठ घाट पर आये श्रद्धालुओं ने सेल्फी के साथ घाट का वीडियो बनाने से खुद को रोक नहीं पाए। बता दे कि गुरुवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। इस पूजा में मुख्य रूप से संतान सुख और परिवार के कल्याण के लिए सूर्य देव से आशीर्वाद प्राप्त करने की इच्छा की जाती है। शाम अर्घ्य देने के बाद शाम में व्रती महिलाएं व्रत कथा का पाठ करती हैं। कल चौथे दिन सूर्य देव को सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही इस व्रत का समापन हो जाएगा।