Chandauli News: दबंगों ने पिस्टल दिखाकर बाइक सवार को रोका, चार हमलावरों ने किया जानलेवा हमला, घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव का एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जो घटना कैद हुई है, वह योगी राज में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। वहीं, यह घटना चंदौली पुलिस के इकबाल को सीधे चुनौती दे रही है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि किस प्रकार एक युवक पिस्टल दिखाकर बाइक सवार को रोकता है। इस बीच कुछ लोग मुँह बांधकर लाठी-डंडे से लैस होकर आते हैं और बाइक सवार युवक पर जानलेवा हमला कर देते हैं।

यही नहीं, पिस्टल दिखाने वाला युवक खड़ा होकर इस हमले का वीडियो बनाता है। एक हमलावर तो ईंट से बाइक सवार युवक पर हमला करता है। इस दौरान बाइक सवार युवक चीखता-चिल्लाता है, लेकिन कोई मदद को नहीं आता। पांच मिनट का सीसीटीवी वीडियो देखकर आप सिहर जाएंगे। सीसीटीवी वीडियो में 20 जनवरी 2025 लिखा दिख रहा है और घटना का समय 19:30 बजे दिख रहा है।

हालांकि, इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन मनबढ़ दबंग हमलावर अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। घटना कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर का बताया जा रहा है। जबकि सीसीटीवी वीडियो बड़ी तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार जलालपुर गांव निवासी विवेक सिंह और अभिषेक सिंह के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। मंगलवार की रात अभिषेक अपने तीन-चार साथियों के साथ विवेक के दरवाजे पर पहुंचा और विवेक को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल विवेक को लेकर उसका छोटा भाई विशाल सिंह कंदवा थाने पहुंचा और अभिषेक सहित तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल विवेक को प्राथमिक उपचार के लिए बरहनी पीएचसी भेजा।

इस संबंध में सीओ सदर राजेश राय ने बताया कि मामले में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो मिला है। आरोपी की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।