Chandauli News: शोपीस बना मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, जिम्मेदार सरकार की योजनाओं को लगा रहे हैं पलीता, ग्रामीणों ने की जांच की मांग.

Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील।
चंदौली। शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र के कौड़िहार गांव में बना आंगनबाड़ी केंद्र इन दिनों शोपीस बनकर रह गया है। शुक्रवार को भी रोज की तरह केंद्र पर ताला लटका रहा। बच्चे सुबह 8 बजे से घंटों बाहर खड़ा रहकर केंद्र के खुलने का इंतजार करते रहे। लेकिन दोपहर तक किसी का पता न चलने के बाद बच्चे अपने घरों की वापस लौट गये। केंद्र के प्रायः बंद रहने से अभिभावकों में आक्रोष गहराता जा रहा है।

बताते चलें कि आंगनबाड़ी केंद्र खुलने का समय सुबह 8 से दोपहर 12 तक का है। यहां मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र होने के कारण दो कार्यकत्रियों को नियुक्त किया गया है। कार्यकत्री मनोरमा देवी, वंदना देवी के अलावा सहायिकाओं की भी नियुक्ति की गई है। लेकिन इस केंद्र के प्रायः बंद रहने से सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अपने उद्देश्य भटक गई है। गांव के रामभरोस, देवानंद, रामानंद, रामसहारे, नीरज, भगवान दास, सोमारू, कमंडल, मणी, दल्लू आदि का आरोप है कि इधर काफी दिनों से केंद्र अक्सर बंद चल रहा है। बीच में किसी-किसी दिन अनाज वितरण किए जाने हेतु केंद्र को खोला जाता है।

वह भी आधा अधूरा बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को वितरित कर कोरम पूर्ति किया जा रहा है। वितरण कार्य पूरा करने के बाद केंद्र पर सभी स्टाफ गायब हो जा रहे हैं और वहां ताला लटका मिल रहा है। ऐसे में केंद्र पर आने वाले बच्चों को घंटे दो घंटे तक इंतजार कर घर लौट जाना पड़ रहा है। जिससे सरकार की मंशा अपने उद्देश्य से भटक गई है। आक्रोशित अभिभावकों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए केंद्र के जांच का मांग किया है। इस संदर्भ में बाल विकास परियोजना अधिकारी आनन्द सिंह का कहना है कि केंद्र के बंद रहने की जानकारी उन्हें नहीं है। यदि ऐसा हो है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।