Chandauli News: मुगलसराय विधानसभा में विकास की बड़ी सौगात, चार सड़कों, करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण.
"विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना ही उनका लक्ष्य है"
chandauli
12:53 PM, Dec 28, 2025
Share:


अपनी उपस्थिति में ग्रामीणों से लोकार्पण करते मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अजीत जायसवाल, बबूरी.
चंदौली। मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में जनहित से जुड़े विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक रमेश जायसवाल ने शनिवार को सड़क व शिक्षा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की योजनाओं का लोकार्पण स्थानीय देवतुल्य जनता के हाथों कराया। इस दौरान बबुरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण तथा सदर विकासखंड के दो राजकीय हाईस्कूलों में शैक्षिक सुविधाओं के विस्तार की योजनाएं जनता को समर्पित की गईं।
लोक निर्माण विभाग द्वारा मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 करोड़ 58 लाख 33 हजार रुपये की लागत से निर्मित चार सड़कों का लोकार्पण किया गया। इनमें ग्राम सभा खुरुहूजा बरउर यादव बस्ती संपर्क मार्ग, 8 लाख 64 हजार रुपये, चंदौली-बबुरी से बहेरा संपर्क मार्ग, 20 लाख 31 हजार रुपये, बबुरी-धरौली मार्ग 34 लाख 69 हजार रुपये, ग्राम सभा पचोखर में खुटहन-पचोखर वियार व ब्राह्मण बस्ती संपर्क मार्ग, 94 लाख 69 हजार रुपये शामिल हैं।
इसी क्रम में विधायक रमेश जायसवाल ने शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की। विकासखंड सदर के ग्राम सभा भटपुरवा के राजस्व गांव त्रिभुवनपुर तथा ग्राम सभा खुरुहूजा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘प्रोजेक्ट अलंकार’ के तहत विकास कार्यों का लोकार्पण कराया गया।
विज्ञापन
राजकीय हाईस्कूल त्रिभुवनपुर में 88 लाख 14 हजार रुपये तथा राजकीय हाईस्कूल खुरुहूजा में भी 88 लाख 14 हजार रुपये की लागत से पेयजल सुविधा, भौतिक व रसायन विज्ञान प्रयोगशाला, पुस्तकालय एवं मल्टीपरपज हाल का निर्माण कराया गया है। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना ही उनका लक्ष्य है।
इस अवसर पर स्थानीय जनता ने कहा कि पहली बार ऐसा विधायक मिला है जो स्वयं लोकार्पण करने के बजाय स्थानीय जनता से लोकार्पण करवा रहा है, जो क्षेत्रवासियों के सम्मान की बात है। विधायक रमेश जायसवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि विकास की गति किसी भी हालत में रुकने नहीं दी जाएगी। चाहे सड़क हो या शिक्षा, वे शासन स्तर पर पूरी ताकत लगाकर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम में लादू सिंह, सूरज सिंह प्रधान, अंकित सिंह, चंचल सिंह, अजय पटेल, राधे वियार, मन्नू बियार, मंजू देवी, शांति देवी, सुनीता देवी सहित विधायक प्रतिनिधि संजय कनौजिया मौजूद रहे।



