Chandauli News: गंगा किनारे अवैध खनन कर रहे जेसीबी को पुलिस ने पकड़ा, चालक गिरफ्तार.
"बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि पकड़ी गई जेसीबी मशीन कौशलेंद्र पांडेय की है। अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और भविष्य में भी कहीं अवैध खनन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे"
chandauli
7:52 PM, Jan 6, 2026
Share:


अवैध खनन की सूचना पर सीओ सकलडीहा के नेतृत्व में छापेमारी करती खनन विभाग की टीम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के डेरवाकला गांव में अवैध खनन की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी के नेतृत्व में बलुआ पुलिस ने गंगा किनारे खनन कर रही एक जेसीबी मशीन को पकड़ लिया, जबकि जेसीबी चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान खनन में संलिप्त अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, डेरवाकला गांव में कुछ लोग बीते कई दिनों से गंगा नदी के किनारे मानक के विपरीत 8 से 9 फीट तक गहरी खुदाई कर अवैध खनन कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। निर्देश मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारकर जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
पुलिस ने जेसीबी चालक वीरेंद्र यादव पुत्र जयराम यादव, निवासी नोनहरा, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस को देखते ही खनन में लगे अन्य कर्मी फरार हो गए। जब्त की गई जेसीबी मशीन को थाने लाकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि पकड़ी गई जेसीबी मशीन कौशलेंद्र पांडेय की है। अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और भविष्य में भी कहीं अवैध खनन पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।



