Chandauli News: गरबा एक्सप्रेस में मिले सात नाबालिग, अहमदाबाद पेपर फैक्ट्री में मजदूरी के लिए जा रहे थे.
“डीडीयू स्टेशन पर गरबा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में आरपीएफ ने सात नाबालिगों को बिना अभिभावक के पकड़ा। बच्चे अहमदाबाद की एक पेपर फैक्ट्री में मजदूरी के लिए जा रहे थे, लेकिन उन्हें फैक्ट्री और ठेकेदार की स्पष्ट जानकारी नहीं थी।”
chandauli
8:13 PM, Oct 6, 2026
Share:


डीडीयू RPF पोस्ट पर रेस्क्यू के बच्चे और चाइल्ड लाइन टीम के साथ आरपीएफ जवान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। डीडीयू स्टेशन पर मंगलवार को आरपीएफ ने गरबा एक्सप्रेस के सामान्य कोच से चार किशोर और तीन किशोरियों समेत सात नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी बच्चे बिना अभिभावक के यात्रा कर रहे थे और पूछताछ में अहमदाबाद की एक पेपर फैक्ट्री में मजदूरी के लिए जाने की बात सामने आई।
प्रभारी निरीक्षक अनिता कुमारी के निर्देशन में आरपीएफ पोस्ट डीडीयू की टीम यात्री सुरक्षा, बाल सुरक्षा और संभावित बाल तस्करी की रोकथाम के लिए स्टेशन पर चेकिंग कर रही थी। सुबह करीब 8:38 बजे प्लेटफार्म नंबर आठ पर गरबा एक्सप्रेस पहुंची। ट्रेन के पिछले सामान्य कोच की जांच के दौरान सात नाबालिग संदिग्ध स्थिति में मिले। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनके परिजनों ने टिकट कटवाकर उन्हें ट्रेन में बैठाया था। अहमदाबाद पहुंचने पर एक ठेकेदार द्वारा उन्हें रिसीव किया जाना था। बच्चों के अनुसार उन्हें 12 घंटे काम के बदले 10 हजार रुपये मासिक देने की बात कही गई थी। हालांकि, उन्हें न तो फैक्ट्री का नाम पता था और न ही ठेकेदार का नाम-पता। उन्होंने काम की जगह भी नहीं देखी थी।
विज्ञापन
आरपीएफ ने सभी बच्चों को सुरक्षित पोस्ट पर लाकर काउंसिलिंग कराई। एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी संस्था डीडीयू की चंदा कुमारी गुप्ता के सहयोग से बच्चों की काउंसिलिंग की गई। बच्चों से मिले मोबाइल नंबरों के जरिए उनके परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी सात नाबालिगों को आवश्यक विधिक और संरक्षणात्मक कार्रवाई के लिए चाइल्ड हेल्प डेस्क चाइल्ड लाइन डीडीयू के ऑन-ड्यूटी कर्मचारियों को सौंप दिया गया। कार्रवाई में आरपीएफ के उप निरीक्षक डीएस राणावत, उप निरीक्षक शीतला प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक राकेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक जेएन राय, चंदा कुमारी गुप्ता और रेलवे चाइल्ड लाइन की सीमा यादव शामिल रहीं। आरपीएफ ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत कार्रवाई करते हुए सातों बच्चों को संभावित बाल श्रम अथवा बाल तस्करी के जोखिम से सुरक्षित निकालकर संरक्षण तंत्र के सुपुर्द किया।


