Chandauli News: डीडीयू टीआरएस शेड में क्रेन हादसे में रेलकर्मी की मौत, कर्मचारियों का टूल डाउन, जर्जर मशीनों पर उठे सवाल.
“डीडीयू टीआरएस शेड में क्रेन ऑपरेशन के दौरान घायल टेक्नीशियन-प्रथम प्रमोद कुमार यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद डीआरएम ने उच्चस्तरीय तकनीकी जांच के आदेश देते हुए परिजनों को हरसंभव सहायता और सभी सेवा-परिलाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।”
chandauli
4:11 PM, Jul 18, 2026
Share:


टीआरएस शेड में क्षतिग्रस्त क्रेन, मृतक रेलकर्मी प्रमोद यादव की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार बड़ा बाबू डीडी नगर चंदौली.
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन स्थित टीआरएस शेड में शनिवार सुबह क्रेन ऑपरेशन के दौरान हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल टेक्नीशियन-प्रथम प्रमोद कुमार यादव (लगभग 52 वर्ष) की उपचार के दौरान वाराणसी के एपेक्स अस्पताल में मौत हो गई। प्रमोद कुमार यादव अलीनगर थाना क्षेत्र के जंसो की मड़ई गांव के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद लोको शेड के कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने काम बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:35 बजे क्रेन की पुली गिरने से प्रमोद कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रेलवे लोको अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के एपेक्स अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। घटना की सूचना पर अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
ईसीआर कर्मचारी यूनियन (ECRKU) शाखा संख्या-2 के शाखा सचिव आई.बी. मिश्रा ने आरोप लगाया कि टीआरएस शेड में वर्षों से क्रेन चालक के पद रिक्त हैं तथा लगभग 50 वर्ष पुरानी जर्जर क्रेनों से कर्मचारियों पर दबाव बनाकर कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि क्रेनों का रखरखाव निजी एजेंसी को सौंपा गया है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ। कर्मचारियों ने जर्जर मशीनों को तत्काल बदलने, पर्याप्त स्टाफ की तैनाती और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला कर्मचारी अनीता देवी सहित अन्य कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाएगा, आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा ने प्रमोद कुमार यादव के निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे प्रशासन ने परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी है तथा डीसीआरजी, अवकाश नगदीकरण, समूह बीमा, स्टाफ बेनिफिट फंड, पारिवारिक पेंशन समेत सभी सेवा-परिलाभों की प्रक्रिया युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई है। साथ ही अनुकंपा नियुक्ति की कार्रवाई भी प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने दिवंगत कर्मचारी के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
