Chandauli News: समाधान दिवस में 108 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश.
"जिलाधिकारी ने पूर्व में बीडीओ के निरीक्षण के बावजूद कार्य न होने पर संबंधित सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।"
chandauli
9:39 PM, May 2, 2026
Share:


सकलडीहा तहसील में फरियाद सुनते जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक और एसडीएम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान फरियादियों की ओर से कुल 108 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को जिलास्तरीय अधिकारियों की टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
समाधान दिवस में सकलडीहा कस्बा के ग्रामीणों ने सीवर पाइप लाइन के लिए दो माह से इंटरलॉकिंग सड़क खोदकर छोड़ दिए जाने की शिकायत उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पूर्व में बीडीओ के निरीक्षण के बावजूद कार्य न होने पर संबंधित सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली की अनियमित कटौती और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। सघन तिराहे पर बंद पड़ी हाईमास्ट लाइट को ठीक कराने का निर्देश एसडीएम को दिया गया, जबकि भोजापुर और सघन तिराहे पर पुलिस बूथ बनाए जाने की मांग भी उठी।
विज्ञापन
वहीं अधिवक्ताओं ने निर्विवाद वरासत और दाखिल-खारिज के मामलों में देरी की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही आंधी-पानी से बाधित बिजली आपूर्ति को जल्द बहाल करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए। इस दौरान सीएमओ डॉ. वाईके राय, एसडीएम कुंदन राज कपूर, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद, एक्सईएन नरेश कुमार, बीडीओ विजय सिंह, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाल भूपेंद्र निषाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



