Chandauli News: 17 जनवरी को चंदौली के लिए ऐतिहासिक दिन, CJI और CM करेंगे इंटीग्रेटेड कोर्ट कंपलेक्स का शिलान्यास.
"एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। यातायात, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है।"
chandauli
7:26 PM, Jan 16, 2026
Share:


प्रस्तावित चंदौली का इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली। नवसृजित जनपद चंदौली के लिए 17 जनवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। जनपद गठन के करीब 28 वर्ष बाद चंदौली को अपना आधुनिक इंटीग्रेटेड कोर्ट कंपलेक्स मिलने जा रहा है, जिसका शिलान्यास शुक्रवार को किया जाएगा। यह परियोजना जिले की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा और आधुनिक स्वरूप प्रदान करेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली की भी विशेष उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के कुल 23 न्यायाधीशों के शामिल होने की भी संभावना है, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई है।
करीब 236 करोड़ रुपये (अनुमानित) की लागत से बनने वाला यह कोर्ट कंपलेक्स कलेक्ट्रेट परिसर के समीप विकसित किया जा रहा है। प्रस्तावित परिसर में पांच मंजिला मुख्य न्यायालय भवन, अधिवक्ताओं के लिए सात मंजिला चेंबर भवन, 37 न्यायाधीश कक्ष, जजों के लिए आवासीय सुविधा और वकीलों के कार्यालय बनाए जाएंगे। इससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को एक ही परिसर में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विज्ञापन
चंदौली का यह कोर्ट कंपलेक्स प्रदेश के उन छह जनपदों में शामिल है, जहां लगभग 1500 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड कोर्ट परिसर का निर्माण किया जा रहा है। इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास चंदौली से किया जाना जिले के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। शिलान्यास कार्यक्रम सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक प्रस्तावित है। वीवीआईपी आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ की भी तैनाती की गई है। कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को लेकर वाराणसी मंडल के कमिश्नर, एडीजी जोन, आईजी, डीआईजी के साथ जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक चंदौली ने संयुक्त रूप से ब्रीफिंग की।
एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। यातायात, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष नजर रखी जा रही है। जिले में इस भव्य न्यायिक परियोजना को लेकर अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों और आमजन में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
