Chandauli News: तीन गांवों में आग से 25 बीघा गेहूं की फसल जली, किसानों में हड़कंप.
"किसानों ने आरोप लगाया कि हर बार की तरह इस बार भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी देर से पहुंची। उन्होंने तहसील स्तर पर पानी से भरी दमकल गाड़ी की स्थायी व्यवस्था की मांग उठाई है, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।"
chandauli
12:41 PM, Apr 14, 2026
Share:


आग बुझाते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के तीन गांवों में सोमवार दोपहर अचानक लगी आग से किसानों में हड़कंप मच गया। तेज धूप और हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब 25 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने ग्रामीणों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
घटना की सूचना पर काफी देर बाद पहुंची मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम
जानकारी के अनुसार सबसे पहले टेकापुर गांव में अज्ञात कारणों से गेहूं के खेत में आग लगी, जो तेज हवा के चलते बहरवानी गांव तक फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते कई किसानों की फसल इसकी चपेट में आ गई। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और झाड़ियों, लाठी-डंडों के सहारे काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बहरवानी गांव के प्रधान जेपी चौहान, किसान संजय यादव और शेषनाथ राजभर के अनुसार करीब 22 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। इसमें संजय यादव, रामनगीना यादव, राकेश यादव, शेषनाथ राजभर, टेकापुर के शामू यादव, श्यामबिहारी तिवारी सहित दर्जनों किसानों की फसल बर्बाद हुई है।
विज्ञापन
सूचना पाकर मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे एसडीम सकलडीहा
किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर फसल तैयार की थी और कटाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन आग ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। वहीं रतनपुरा गांव में भी सुबह आग लगने से करीब 4 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं से क्षेत्र के किसानों में दहशत का माहौल है। इससे पहले अमावल, मनियारपुर, डैना और बभनपुरा गांवों में भी सैकड़ों बीघा फसल जल चुकी है। घटना की सूचना पर एसडीएम कुंदन राज कपूर, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों को हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।
