Chandauli News: 720 लीटर कोडीन कफ सिरप मामले में 25 हजार का इनामी गिरफ्तार, 80 लीटर और अवैध सिरप बरामद.
“720 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामदगी मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को अलीनगर पुलिस ने दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 80 लीटर कोडीन कफ सिरप भी बरामद हुआ।”
chandauli
11:18 AM, Jul 30, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस कि गिरफ्त में कफ सिरफ तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप भी बरामद किया है। आरोपी इसी महीने पकड़ी गई 720 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप के मामले में फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई को रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक लावारिस ट्रक की तलाशी के दौरान मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में 7,200 शीशियां (720 लीटर) अवैध कोडीन व एस्कफ कफ सिरप बरामद किया गया था। इस मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान फिरोजाबाद निवासी दयाशंकर का नाम सामने आया, जिसके खिलाफ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।मुखबिर की सूचना पर अलीनगर पुलिस ने महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास घेराबंदी कर दयाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की शीशियों में कुल 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ।
विज्ञापन
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक का चालक है। ट्रक में वाराणसी से गुवाहाटी भेजे जा रहे मुर्गी दाने के बीच प्रयागराज से कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर लादा गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाया जाना था। ट्रक पकड़े जाने के बाद वह और उसके साथी कुछ माल निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे। आरोपी उसी छिपाए गए माल को लेने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की धाराओं में दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
