Chandauli News: ट्रक से 79.5 किलो अवैध गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार.
"अलीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि वह अपने वाहन स्वामी के कहने पर यह गांजा उड़ीसा से लाकर गाजीपुर के रास्ते बिहार ले जा रहा था"
chandauli
3:04 PM, Jan 7, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस के गिरफ्त में ट्रक चालक और बरामद गांजा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 79.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की माने तो बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अलीनगर पुलिस टीम आलमपुर नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा वाराणसी की ओर से होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम पंचफेड़वा रिंग रोड पुल के पास पहुंची और वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। कुछ ही देर में ट्रक संख्या UP65ET0688 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक के डाले और ड्राइवर केबिन के बीच बने रैक से 37 बंडलों में रखा गया कुल 79.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपचन्द्र पुत्र रामचन्द्र, निवासी बहेवा, थाना बिधूना, जनपद औरैया, उम्र लगभग 50 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने वाहन स्वामी के कहने पर यह गांजा उड़ीसा से लाकर गाजीपुर के रास्ते बिहार ले जा रहा था।पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना अलीनगर में धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
विज्ञापन
