Chandauli News: गंगा में तैरता दिखा विशालकाय मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत का माहौल.
"ग्रामीणों ने बताया कि कवलपुरा घाट पर मगरमच्छ देखने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब सोनहुला घाट पर विशालकाय मगरमच्छ दिखने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर कहीं और छोड़ा जाए"
chandauli
7:57 PM, Sep 13, 2025
Share:


सोनहुला गंगा घाट पर गंगा में तैरता मगरमच्छ
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के सोनहुला में गंगा घाट के पास गंगा में मगरमच्छ को तैरते देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मगरमच्छ देखे जाने की घटना शुक्रवार की शाम और शनिवार की बताई जा रही है। गंगा में मगरमच्छ के देखे जाने की सूचना जंगल की आग की तरह चारों तरफ फैल गई। मगरमच्छ को देखने के लिए घाट पर लोग इकट्ठा हो गए। हालांकि, ग्रामीणों ने इस मामले की सूचना वन विभाग को दे दी है।
जिले में इस बार गंगा की बाढ़ ने जहां लोगों की मुसीबत बढ़ाई, वहीं गंगा के बढ़ाव में विशालकाय मगरमच्छ को लेकर ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है। गंगा घाट के पास मगरमच्छ को देखने के बाद ग्रामीणों और गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है। कुछ दिन पहले कवलपुरा गांव के सामने रामजानकी मंदिर गंगा घाट पर विशाल मगरमच्छ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत थी। अब सोनहुला गंगा घाट के आसपास के ग्रामीणों को भी चिंता सताने लगी है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि कवलपुरा घाट पर मगरमच्छ देखने के बाद वन विभाग को सूचना दी गई थी, लेकिन वन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब सोनहुला घाट पर विशालकाय मगरमच्छ दिखने के बाद लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर कहीं और छोड़ा जाए। ग्रामीणों को डर है कि लगातार घाटों के पास मगरमच्छ के मंडराने से कोई अप्रिय घटना हो सकती है। सोनहुला निवासी विशाल कुमार ने बताया कि कई दिनों से गंगा किनारे मगरमच्छ दिखाई दे रहे हैं, जिसकी वीडियो मैंने बनाई है। मगरमच्छ के कारण गंगा में स्नान करने वाले ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में दहशत व्याप्त है।



