Chandauli News: घर पर झोलाछाप ने किया पाइल्स का ऑपरेशन, युवक की जान जाने के बाद CMO से शिकायत.
“चंदौली के धानापुर क्षेत्र में घर पर पाइल्स का ऑपरेशन कराने के बाद 45 वर्षीय युवक की जान चली गई। परिजनों ने मिर्जापुर गांव के एक व्यक्ति पर झोलाछाप डॉक्टर होने और बिना विशेषज्ञ चिकित्सक की मौजूदगी में ऑपरेशन करने का आरोप लगाया है।”
chandauli
5:39 PM, Nov 9, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर क्षेत्र के हेतमपुर गांव में घर पर पाइल्स का ऑपरेशन कराने के बाद 45 वर्षीय युवक की जान चली गई। परिजनों ने मिर्जापुर गांव के एक कथित झोलाछाप डॉक्टर पर बिना किसी योग्य चिकित्सक की मौजूदगी में घर पर ऑपरेशन करने का आरोप लगाया है। मामले में मृतक के भाई ने मुख्य चिकित्साधिकारी को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर के अंतर्गत मिर्जापुर गांव निवासी बांके पुत्र रामा कथित तौर पर अपने घर पर डिस्पेंसरी चलाकर मरीजों का इलाज करता है। आरोप है कि उसने हेतमपुर निवासी इस्लाम पुत्र सुभान (45) का घर पहुंचकर पाइल्स का ऑपरेशन किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह ऑपरेशन किसी अन्य चिकित्सक की मौजूदगी के बिना किया गया। इसके बाद इस्लाम की हालत बिगड़ गई और 17 अक्टूबर 2026 को उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई इसहाक अली ने 2 नवंबर 2026 को मुख्य चिकित्साधिकारी, चंदौली को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित व्यक्ति की चिकित्सकीय डिग्री और योग्यता की जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता के ऑपरेशन किए जाने से उनके भाई की जान गई। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाने की भी मांग उठाई है।
विज्ञापन
शिकायत पत्र की प्रतियां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सकलडीहा, धानापुर थानाध्यक्ष और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर के अधीक्षक को भी भेजी गई हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिकायत दिए जाने के चार दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई करने के बजाय सुलह-समझौते की बात सामने आ रही है। अब परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


