Chandauli News: बिहार भेजी जा रही भारी मात्रा में शराब की खेप, आबकारी विभाग अनजान.
"चकिया आबकारी निरीक्षक शांति चौरसिया का कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है, इसके लिए जांच कर कार्रवाई की जाएगी"
chandauli
9:00 PM, Dec 1, 2025
Share:


बाइक की डिक्की में शराब की पाउच रखते लोग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया.
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में देशी शराब की दुकान तस्करों के अड्डे के रूप में बदल गई है। दुकान का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक है, लेकिन नियमों को ताक पर रखकर यहां 24 घंटे शराब की बिक्री होती है। ग्रामीणों का कहना है कि उत्तर प्रदेश और बिहार के बॉर्डर पर स्थित परमानंदपुर करईल क्षेत्र के मध्य में पड़ता है। यहां से 2 किलोमीटर दूरी पर बिहार राज्य में लोग प्रवेश करते हैं, जिससे यहां पर शराब की तस्करी ज्यादा मात्रा में की जाती है। इसी को लेकर यहां पर शराब की दुकान खोली गई है ताकि राजस्व में कोई कमी न हो। क्षेत्र में शराब खरीदने वालों की संख्या बेहद कम है, इसके बावजूद दुकान पर हर समय भीड़ जैसी स्थिति रहती है।
विज्ञापन
आरोप है कि यहाँ से बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन भारी मात्रा में शराब की तस्करी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि दुकानदारों और तस्करों की मिलीभगत से शराब की खेप मोटरसाइकिल, चारपहिया और पगडंडियों के रास्ते बिहार भेजी जाती है। सबसे चिंता की बात यह है कि आबकारी विभाग इस अवैध गतिविधि से पूरी तरह वाकिफ होने के बावजूद कार्रवाई से कतरा रहा है। आरोप है कि विभागीय टीम ऐसे दुकानों की कभी चेकिंग भी नहीं करती, जिससे अवैध तस्करी का कारोबार यहाँ तेजी से फल-फूल रहा है। इस संबंध में आबकारी निरीक्षक शांति चौरसिया का कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है, इसके लिए जांच कर कार्रवाई की जाएगी।



