Chandauli News: स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्रों के सामने दी गयी एक छात्र को सजा, उठक-बैठक का वीडियो वायरल.
“चंदौली के चकिया स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्र को सार्वजनिक रूप से दंडित करने का वीडियो वायरल होने से मामला गरमा गया है। मंच के सामने सैकड़ों छात्र बैठे थे और इसी दौरान एक छात्र को कान पकड़कर उठक-बैठक कराई गई।”
chandauli
3:35 PM, Aug 16, 2026
Share:


स्वतंत्रता दिवस समारोह में कॉलेज के सभी छात्रों के सामने एक छात्रों को मंच पर उठक बैठक कराया गया, जिसका वीडियो वायरल हुआ.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। चकिया स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। समारोह में मंच के सामने सैकड़ों छात्र बैठे थे। इसी दौरान एक छात्र को सार्वजनिक रूप से कान पकड़कर उठक-बैठक कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद विद्यालय में छात्रों के साथ किए जा रहे व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। अमौली गांव निवासी कक्षा नौ के छात्र रितेश कुमार ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। छात्र के मुताबिक उसका नया प्रवेश हुआ है और ड्रेस सिलने के लिए दी गई थी, जो दो दिन बाद मिलने वाली थी। इसी वजह से वह स्वतंत्रता दिवस पर बिना ड्रेस के विद्यालय पहुंचा था। रितेश का आरोप है कि समारोह के दौरान वह अपनी साइकिल देखने गेट की ओर गया था। लौटते समय प्रधानाचार्य ने उसे रोककर नाम और कक्षा पूछी और इसके बाद बाल पकड़कर पीठ पर मुक्के व कुहनी से मारपीट की तथा जमीन पर पटक दिया। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि वहां मौजूद शिक्षकों के बीच बाद में एक शिक्षिका ने उसे छुड़ाया।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार मारपीट के बाद छात्र की तबीयत बिगड़ गई। रास्ते में उसे चक्कर आया और घर पहुंचने के बाद वह बेहोश हो गया। छात्र की मां बिंदु देवी और पिता राजेश कुमार ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। पिता का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत करने पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई।वहीं छात्र के चचेरे भाई पवन कुमार ने भी प्रधानाचार्य पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने घटना को अपनी आंखों से देखा। दूसरी ओर, स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र को सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराए जाने का वीडियो वायरल होने से मामला और गंभीर हो गया है। छात्रों के साथ शारीरिक दंड और अपमानजनक व्यवहार को लेकर शासन स्तर से दिशा-निर्देश जारी हैं। ऐसे में वायरल वीडियो और छात्र व उसके परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। मामले में जिला विद्यालय निरीक्षक से पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
