Chandauli News: फार्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मारकर हत्या, DVR भी ले गए हमलावर.
"पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोपहर तीन बजे 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची है। मामले में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा लिखा जा रहा है। मृतक के परिवार का कुछ लोगो से कोई विवाद चल रहा है। घटना से जुड़े आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
6:13 PM, Mar 5, 2026
Share:


मृतक विशाल सिंह का फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास गुरुवार दोपहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब युवक खेत के पास स्थित फार्म हाउस में सो रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर खेतों के रास्ते फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने मामले में मुकदमा लिखवाने और मृतक का शव पुलिस को देने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर गांव निवासी अजीत सिंह का छोटा बेटा विशाल सिंह (27) सरसों की कटाई के बाद गांव के पूर्वी हिस्से में स्थित अपने फार्म हाउस पर आराम कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश खेतों की ओर से पहुंचे और सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
लगभग डेढ़ घंटे बाद अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। घटना से आक्रोषित परिजनों ने शव को पुलिस के कब्जे में देने और मुकदमा दर्ज कराने से इनकार कर दिया था। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे ने मृतक के परिजनों से बात की और उन्हें कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोपहर तीन बजे 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची है। मामले में परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा लिखा जा रहा है। मृतक के परिवार का कुछ लोगो से कोई विवाद चल रहा है। इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही। घटना से जुड़े आरोपियों की तलाश के लिए कार्रवाई की जा रही है।
