Chandauli News: वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था युवक, वन विभाग ने ट्रैक्टर किया जब्त.
“चंदौली के जयमोहनी रेंज में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई की। जंगल की जमीन पर धान की रोपाई की तैयारी के लिए ट्रैक्टर से जुताई कराई जा रही थी। टीम को देखते ही चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया, जिसे वन विभाग ने जब्त कर लिया।”
chandauli
4:13 PM, Aug 16, 2026
Share:


जयमोहनी रेंज में वन भूमि की जुताई करते पकड़ा गया ट्रैक्टर और मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो, चंदौली.
चंदौली। डीएफओ बी. शिवशंकर के निर्देश पर जयमोहनी रेंज में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को वन विभाग ने कार्रवाई की। क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने कंपार्टमेंट संख्या अमदहां-1A में जंगल की जमीन की जुताई करते एक ट्रैक्टर को पकड़कर जब्त कर लिया। क्षेत्रीय वनाधिकारी के अनुसार 15 अगस्त को सूचना मिली थी कि कुछ लोग वन भूमि को जोतकर धान की रोपाई की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर निगरानी बढ़ाई गई और रविवार को वन दरोगा वीरेंद्र पांडे के नेतृत्व में वनकर्मियों ने घेराबंदी कर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति ट्रैक्टर से वन भूमि की जुताई करता मिला। वन विभाग की टीम को देखते ही वह ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन विभाग ने उसकी पहचान बजरंगी पुत्र दशरथ, निवासी कर्माबांध, थाना नौगढ़ के रूप में बताई है। मौके से लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर और उसके साथ लगा कल्टीवेटर जब्त कर जयमोहनी रेंज कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है। वन विभाग के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम एवं वन संरक्षण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
क्षेत्रीय वनाधिकारी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि वन क्षेत्र में गश्त, निगरानी और रात्रि गश्त को और मजबूत किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। वन विभाग ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि वन भूमि पर ट्रैक्टर चलेगा तो पकड़ा जाएगा।
