Chandauli News: चलती पैसेंजर ट्रेन में युवक की कनपटी पर मारी गोली, ट्रैक पर बॉडी फेंककर फरार हुए बदमाश
"एसपी जीआरपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटना कुचमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच हुई है। चंदौली पुलिस, फील्ड यूनिट और जीआरपी की संयुक्त टीम मामले की जांच कर रही है।"
chandauli
5:03 PM, May 10, 2026
Share:


मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुटी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। डीडीयू जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में रविवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई। चलती ट्रेन के भीतर बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी और फिर शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए। घटना सकलडीहा क्षेत्र के कुचमन और सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ, सकलडीहा और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन डीडीयू जंक्शन से रवाना होने के बाद सामान्य रूप से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग लेकर ट्रेन में सवार थे। सफर के दौरान अचानक डिब्बे के भीतर गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने देखा कि एक युवक खून से लथपथ होकर गेट के पास गिर पड़ा था। आरोप है कि हमलावरों ने युवक की कनपटी पर बेहद करीब से गोली मारी थी। वारदात के बाद बदमाशों ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया और युवक के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद डिब्बे में चीख-पुकार मच गई। यात्री डर के कारण सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग सहमकर अपनी जगह पर बैठे रहे।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सकलडीहा क्षेत्र के ताजपुर गांव के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर दोनों आरोपी नीचे कूदकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर अलीनगर, सदर कोतवाली और सकलडीहा थाने की पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
