Chandauli News: इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर बनकर नाबालिग से ₹6 लाख से अधिक की रंगदारी वसूलने वाला युवक गिरफ्तार.
“इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग को जान से मारने और परिवार को जेल भेजने की धमकी देकर ₹6 लाख से अधिक की रंगदारी वसूलने के आरोप में धानापुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।”
chandauli
9:14 PM, Jul 18, 2026
Share:


पुलिस की गिरफ्त में आरोपी और उसका इंस्टाग्राम अकाउंट
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत धानापुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग से लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम पर "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से आईडी बनाकर खुद को दबंग और कानून से ऊपर दिखाने की कोशिश की तथा एक नाबालिग को लगातार धमकाकर उससे करीब ₹6 लाख नकद और ₹27,500 ऑनलाइन (PhonePe) के माध्यम से वसूल लिए।
मामले में पीड़ित की मां ने थाना धानापुर में तहरीर देकर बताया कि आरोपी आयुष कुमार मौर्य, निवासी कस्बा धानापुर, उनके नाबालिग पुत्र को फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए धमकाता था। आरोपी अपनी प्रोफाइल पर "रंगदारी हमारे खून में है", "प्रशासन हमें क्या करेगा" और "जब हम खुद प्रशासन हैं" जैसे संदेश लिखकर दहशत फैलाता था। वह नाबालिग और उसके परिवार को जान से मारने तथा जेल भिजवाने की धमकी देकर लगातार रुपये वसूलता रहा। तहरीर के आधार पर थाना धानापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को आरोपी आयुष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चार पहिया वाहन खरीदने और अपने शौक पूरे करने के लिए नाबालिग को डराकर रुपये वसूले थे। उसने बताया कि वसूली गई रकम निजी शौक और घूमने-फिरने में खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।
