Chandauli News: सवारी बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार.
"इस संबंध में सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी ।"
chandauli
10:58 PM, Apr 16, 2026
Share:


थाना सकलडीहा, चंदौली.
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के उकनीबीरम राय गांव के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कमालपुर की ओर से आ रही सवारी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित लहरतारा के महेशपुर निवासी 35 वर्षीय साजन बिंद बाइक से अपने ससुराल कमालपुर जा रहे थे। जैसे ही वह सकलडीहा-कमालपुर मार्ग पर डेढ़ावल मोड़ के पास उकनीबीरम राय गांव के समीप पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार सवारी बस से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ गई।
विज्ञापन
घटना की सूचना पर पहुंची डेढ़ावल चौकी पुलिस ने घायल को तत्काल एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकलडीहा पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा करा दिया है।
