Chandauli News: किन्नर के घर धमाका कर हत्या के प्रयास का आरोपी 50 हजार इनामी गिरफ्तार,
"बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते खुशबू किन्नर की हत्या की नीयत से घर में धमाका किया था। घटना के बाद वह बिहार में छिपकर रह रहा था और पकड़े जाने के डर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था।"
chandauli
12:09 AM, Jan 14, 2026
Share:


बलुआ थाने में गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ टिक्कू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में किन्नर खुशबू के घर धमाका कर क्षतिग्रस्त करने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ टिक्कू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार की रात मुखबिर की सूचना पर बलुआ और धीना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे चंडौल रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। मंगलवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर की रात मोहरगंज में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने किन्नर खुशबू की हत्या की नीयत से उनके घर में विस्फोट कर दिया था। धमाके से घर क्षतिग्रस्त हो गया था, हालांकि खुशबू बाल-बाल बच गई थीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। भागते समय खुशबू ने आरोपियों को देख लिया था, जिसके आधार पर पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर अभिषेक सिंह उर्फ टिक्कू को धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोरा चंडौल रेलवे स्टेशन पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से जिलेटिन रॉड (विस्फोटक पदार्थ), एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते खुशबू किन्नर की हत्या की नीयत से घर में धमाका किया था। घटना के बाद वह बिहार में छिपकर रह रहा था और पकड़े जाने के डर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था।
विज्ञापन
आरोपी ने यह भी बताया कि जिलेटिन रॉड उसे विकास नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार, धीना थाना प्रभारी भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक सुभाष राम गौतम, हेड कांस्टेबल बंटी सिंह, जलभरत यादव, दीपचंद्र गिरी, कांस्टेबल अनुराग सिंह, अनुज वर्मा और कृष्ण कुमार यादव शामिल रहे।



