Chandauli News: स्कूल का पानी निकासी पाइप तोड़ने का आरोप, प्रधानाचार्य ने पुलिस से लगाई गुहार.
“चहनियां रानेपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल का पानी निकासी पाइप तोड़े जाने से गंदा पानी आसपास फैल रहा है। प्रधानाचार्य ने बलुआ थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर पाइप दोबारा ठीक कराने और जलनिकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है।”
chandauli
9:30 PM, Nov 5, 2026
Share:


चहनियां रानेपुर में पानी निकासी पाइप तोड़ता व्यक्ति।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां रानेपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल का पानी निकासी पाइप तोड़कर फेंकने का मामला सामने आया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार झा ने बलुआ थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि विद्यालय के पीछे दक्षिण दिशा में पानी निकासी के लिए लगाया गया प्लास्टिक पाइप करीब एक माह पहले कुछ लोगों ने तोड़ दिया। इससे विद्यालय का गंदा पानी निर्धारित नाले में जाने के बजाय आसपास फैल रहा है।
प्रधानाचार्य के अनुसार, विद्यालय का गंदा पानी पिछले करीब 20 वर्षों से पाइप के माध्यम से पीछे स्थित बाहा (पानी निकासी नाला) में जाता था। उनका कहना है कि पाइप हटाने के दौरान काम कर रहे लोगों ने जमीन मालिक के कहने पर इसे तोड़ने की बात बताई। आरोप है कि जमीन मालिक छबिनाथ और उनके पुत्र पुनीत से बातचीत करने पर उन्होंने पानी निकासी के लिए रास्ता देने से इनकार कर दिया। प्रधानाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि जमीन खरीदने के लिए 50 लाख रुपये प्रति बिस्वा की मांग की गई। उन्होंने उचित कीमत देने की बात कही, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विज्ञापन
प्रधानाचार्य ने आशंका जताई कि जलनिकासी बाधित रहने से विद्यालय का गंदा पानी आसपास जमा हो रहा है, जिससे दुर्गंध के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी पैदा हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर पूर्व की तरह पानी निकासी के लिए पाइप को दोबारा ठीक कराने और विद्यालय के गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है।


