Chandauli News: फर्जी जमीन बैनामा कर 8.45 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार.
"धानापुर थानाध्यक्ष का कहना है कि जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
11:57 PM, Jun 16, 2026
Share:


धानापुर पुलिस की गिरफ्त में ठगी करने वाला आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की रजिस्ट्री कराने और 8.45 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जमीन के वास्तविक मालिक की जगह फर्जी पहचान वाले व्यक्ति को खड़ा कर दो बिस्वा भूमि का बैनामा करवा दिया था। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक धानापुर थाना क्षेत्र के पुरा चेता दूबे गांव निवासी लक्ष्मीना देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पड़ोसी गांव पुरा सीता मिश्र निवासी मनीष मिश्रा ने उन्हें आवासीय भूमि दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने बताया कि उनके घर के पास स्थित जमीन बिक्री के लिए उपलब्ध है और वह जमीन मालिक से संपर्क में है। इसके बाद दो बिस्वा भूमि का सौदा 8 लाख 45 हजार रुपये में तय किया गया। आरोप है कि मनीष मिश्रा ने पीड़िता से 7.50 लाख रुपये नकद लिए, जबकि 95 हजार रुपये पीड़िता के देवर राहुल कुमार द्वारा आरोपी के मोबाइल नंबर पर गूगल पे के माध्यम से भेजे गए। बाद में सकलडीहा तहसील में रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिसमें पीड़िता और उनके देवर के नाम एक-एक बिस्वा भूमि दर्ज की गई।
विज्ञापन
कुछ समय बाद जांच में सामने आया कि जिस व्यक्ति को जमीन का वास्तविक मालिक बताकर रजिस्ट्री कराई गई थी, वह असली मालिक नहीं था। आरोप है कि वास्तविक भू-स्वामी अरशद पुत्र शम्सुद्दीन के नाम पर फर्जी आधार और पैन कार्ड तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर बैनामा कराया गया, जबकि असली मालिक को इसकी कोई जानकारी नहीं थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धानापुर थाने में मुकदमा संख्या 63/2026 के तहत धारा 318(4), 338, 336, 340(2) और 319(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर धानापुर कस्बे के नरौली मोड़ से आरोपी मनीष मिश्रा पुत्र स्वर्गीय रामआधार मिश्रा निवासी पुरा सीता मिश्र को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
