Chandauli News: NEET-UG 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, जिले में चार केंद्रों पर होगी परीक्षा.
"जनपद में इस बार पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।"
chandauli
12:40 AM, Jun 20, 2026
Share:


अधिकारियों को निर्देश देते जिलाधिकारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) को जनपद में निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग और परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आगामी 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होने वाली परीक्षा जनपद के चार निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रशासन ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य करेगा। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्रों के भीतर ले जाने पर रोक रहेगी। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी तथा फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
जनपद में इस बार पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज, नगर पालिका इंटर कॉलेज तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिलाधिकारी ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, बैठने की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट प्लान तैयार करने को कहा गया है, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने या नकल कराने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
