Chandauli News: श्रावण मास को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी बैठक में सुरक्षा और सुविधाओं पर बनी रणनीति.
“श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर चंदौली प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पीस कमेटी की बैठक में सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।”
chandauli
7:53 PM, Jul 23, 2026
Share:


पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चंद्रशेखर की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा विभिन्न नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रमुख मंदिरों और कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए, खुले नालों को ढंकवाया जाए तथा मंदिरों और यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
विज्ञापन
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने कहा कि श्रावण मास के दौरान प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा तथा पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पीस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
