Chandauli News: खाद की कालाबाजारी पर सख्त प्रशासन, एसडीएम आकांक्षा सिंह ने कई दुकानों पर की औचक जांच.
"खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में एसडीएम आकांक्षा सिंह ने खाद दुकानों पर औचक छापेमारी कर स्टॉक और अभिलेखों की जांच की, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।"
chandauli
11:58 AM, Jul 30, 2026
Share:


सकलडीहा में खाद दुकान पर स्टॉक की जांच करतीं एसडीएम आकांक्षा सिंह।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। खरीफ सीजन के बीच खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग के निर्देश पर सकलडीहा की एसडीएम आकांक्षा सिंह ने मंगलवार को तहसील क्षेत्र की कई खाद एवं बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों के स्टॉक रजिस्टर, पंजीयन अभिलेख और उपलब्ध खाद की मात्रा का सत्यापन किया गया। अचानक हुई जांच से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही।
एसडीएम ने तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार दिनेश चन्द्र शुक्ल और राजेन्द्र प्रसाद के साथ चहनिया, कमालपुर, गौसपुर, डेढ़ावल, नागेपुर, तेन्दुई और सकलडीहा स्थित खाद दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर का मिलान कराया गया और पंजीयन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की गई। जिन दुकानदारों के अभिलेख अद्यतन नहीं मिले या स्टॉक का संतोषजनक मिलान नहीं हो सका, उन्हें आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर मौजूद किसानों और ग्राहकों से खाद की उपलब्धता तथा बिक्री दर की भी जानकारी ली। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या खाद की कृत्रिम कमी पैदा करने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी कीमत पर खाद की कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को स्टॉक रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखने और मांगने पर तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।



