Chandauli News: प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, वसूला गया 34,500 जुर्माना.
"पीडीडीयू नगर पालिका प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान कुल 34,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने साफ किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान से पूरे नगर में हलचल का माहौल बना रहा।"
chandauli
10:23 AM, Feb 20, 2026
Share:


अतिक्रमण हटवाते नगर पालिका के ईओ, डीडीयू नगर के सीओ और मुगलसराय कोतवाल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। डीडीयू नगर में गुरुवार देर शाम नगर पालिका प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क पर उतरकर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जीटी रोड सहित प्रमुख बाजारों में फुटपाथ और सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जों को हटवाया गया। साथ ही अवैध रूप से खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इस दौरान बड़े पैमाने पर जुर्माना भी वसूला गया।
अभियान का नेतृत्व नगर पालिका परिषद के ईओ/एसडीएम राजीव मोहन ने किया। उनके साथ सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने पैदल मार्च कर दुकानदारों को सार्वजनिक मार्ग खाली रखने की हिदायत दी। जीटी रोड पर बाटा शोरूम के सामने खड़ी मोटरसाइकिलों का चालान काटा गया, जबकि कई साइकिलें जब्त कर पालिका वाहन में लाद ली गईं।
विज्ञापन
रमजान के मद्देनजर लगाए गए कुछ अस्थायी ठेले भी कार्रवाई की जद में आए। प्रशासन की सख्ती देखते ही कई व्यापारियों ने स्वयं अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया। पालिका प्रशासन के अनुसार अभियान के दौरान कुल 34,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने साफ किया कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान से पूरे नगर में हलचल का माहौल बना रहा।
