Chandauli News: कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन सख्त, रेट लिस्ट अनिवार्य; मिलावट और ओवररेटिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई.
“कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए चंदौली प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। होटल-ढाबों पर रेट लिस्ट अनिवार्य कर दी गई है, जबकि मिलावट, ओवररेटिंग और प्लास्टिक-थर्माकोल के इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।”
chandauli
7:50 PM, Jul 23, 2026
Share:


कांवड़ यात्रा मार्ग पर होटल-ढाबों का निरीक्षण करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर चंदौली प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने यात्रा मार्ग पर विशेष अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी और ओवररेटिंग पर प्रभावी रोक लगाना है।
विभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित सभी होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर 'फूड सेफ्टी कनेक्ट' साइनेज लगाने के निर्देश दिए हैं। साइनेज पर मौजूद क्यूआर कोड और मोबाइल ऐप के माध्यम से श्रद्धालु खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सीधे शिकायत या फीडबैक दर्ज कर सकेंगे। सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। सभी दुकानदारों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है तथा ओवररेटिंग मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगने वाले भंडारों में वितरित प्रसाद और भोजन की गुणवत्ता की भी निगरानी शुरू कर दी है। साथ ही प्लास्टिक एवं थर्माकोल से बने दोना-पत्तल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। विभाग संभावित मिलावटखोरी वाले स्थानों और निर्माण इकाइयों पर भी नजर रख रहा है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-5533 जारी किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
