Chandauli News: सड़क पर मिले 50 हजार रुपये अधिवक्ता ने थाने में जमा कराए, मालिक की तलाश में जुटी पुलिस.
“चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र में ईमानदारी की मिसाल सामने आई है। सड़क किनारे मिले 50 हजार रुपये एक अधिवक्ता ने पुलिस को सौंप दिए। अब पुलिस वास्तविक मालिक की तलाश कर रही है, ताकि सत्यापन के बाद धनराशि वापस की जा सके।”
chandauli
7:23 PM, Oct 30, 2026
Share:


कंदवा थाना अध्यक्ष को बरामद रुपया सौंपते अधिवक्ता
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे गिरे 50 हजार रुपये मिलने पर एक अधिवक्ता ने ईमानदारी का परिचय देते हुए पूरी धनराशि पुलिस को सौंप दी। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे घोसवा गांव निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह किसी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे उन्हें 500-500 रुपये के नोटों की एक गड्डी मिली। गड्डी में कुल 50 हजार रुपये थे। अधिवक्ता ने रुपये अपने पास रखने के बजाय तत्काल कंदवा थाने पहुंचकर पुलिस को सौंप दिए।
थाना कंदवा पुलिस ने अधिवक्ता द्वारा जमा कराई गई धनराशि के संबंध में जनरल डायरी (जीडी) में तस्करा अंकित किया है। पुलिस ने 50 हजार रुपये को थाने के मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। अब पुलिस इस धनराशि के वास्तविक मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है, ताकि उचित सत्यापन के बाद रुपये उनके सुपुर्द किए जा सकें। पुलिस ने बताया कि किसी व्यक्ति की मेहनत की कमाई खो जाने से उसे आर्थिक और मानसिक परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए आमजन तक सूचना पहुंचाने के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।
विज्ञापन
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के 50 हजार रुपये रास्ते में गिर गए हैं तो वह थाना कंदवा के थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल से मोबाइल नंबर 9454403192 पर संपर्क कर सकता है। संबंधित व्यक्ति को थाने पहुंचकर अपनी पहचान और धनराशि से जुड़े उचित प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे। पुलिस द्वारा समुचित सत्यापन और संतुष्टि के बाद ही रुपये वास्तविक मालिक को वापस किए जाएंगे। पुलिस ने आमजन और मीडिया से इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, जिससे खोई हुई रकम उसके असली हकदार तक पहुंच सके।



